भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद संगीत सोम के मेरठ स्थित घर पर बुधवार रात को कुछ अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद संगीत सोम के मेरठ स्थित घर पर बुधवार रात को कुछ अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया. खबरों के मुताबिक हमलावरों ने संगीत सोम पर गोली चलाई और उनके घर पर ग्रेनेड भी फेंका. टाइम्स नाउ के मुताबिक हमला देर रात 12.40 के आसपास हुआ. उस समय संगीत सोम अपने चुनाव क्षेत्र का दौरा कर लौटे ही थे. तभी मारुति स्विफ्ट से उतरे एक हमलावर ने उन पर कम से कम चार गोलियां चलाईं और एक ग्रेनेड भी फेंका. हालांकि उसमें धमाका नहीं हुआ.
घटना के बाद सोम के घर पहुंची पुलिस ने वहां गोलियों के चार खोल बरामद किए. वहीं, ग्रेनेड को डिफ्यूज करने के लिए उसे पानी में डाल दिया गया. भाजपा सांसद संगीत सोम को जेड प्लस सुरक्षा मिली हुई है. उनका घर भी उच्च सुरक्षा वाले लाल-कुर्ती इलाके में है. उनके मुताबिक वे नहीं जानते कि इस हमले के पीछे कौन लोग हैं. न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए सोम ने कहा, ‘मुझे (हाल में) कोई धमकी नहीं मिली. लेकिन दो साल पहले किसी ने फोन कर कहा था कि मुझे ग्रेनेड से मार दिया जाएगा.’
